सोनपुर मेला में पुलिस ने 14 बिछड़े लोगों को परिजनों से मिलाया

 








सारण, 29 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए सारण पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक प्रबंध किए हैं। मेला क्षेत्र में सुचारू आवाजाही और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल तीन पालियों में लगातार मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए पूरे परिसर को 25 से अधिक सेक्टरों में बांटा गया है।

मेले में 21 अस्थायी थाने, 15 अतिरिक्त पुलिस पोस्ट और 10 से अधिक वॉच टावर बनाए गए हैं। यातायात को सुव्यवस्थित रखने हेतु 40 से अधिक स्थानों पर ड्रॉप गेट व 10 अतिरिक्त ट्रैफिक पोस्ट स्थापित हैं। इसके अलावा, करीब 400 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला नियंत्रण कक्ष से चौबीसों घंटे सीधी निगरानी की जा रही है।

मेले की भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ने वाले बच्चों व लोगों को सुरक्षित संरक्षण में लेकर तुरंत उनके परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि रविवार शाम 7:00 बजे तक कंट्रोल रूम को मिले 14 बिछड़े बच्चों व लोगों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को सकुशल परिजनों से मिला दिया गया। प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों का विशेष ध्यान रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार