सोनपुर मेला में 30 नवंबर से 13 दिसंबर तक 14 खेल विधाओं में दमखम दिखाएंगे खिलाड़ी
सारण, 26 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के अवसर पर खेल एवं युवा गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 30 नवंबर से 13 दिसंबर 2026 तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली इन स्पर्धाओं में राज्य के सभी नौ प्रमंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी। सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विभिन्न समितियों का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, नौका दौड़, घुड़दौड़, टग ऑफ वार, शतरंज, योग, क्रिकेट, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, पैरा एथलेटिक्स, बास्केटबॉल तथा कुश्ती दंगल शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कबड्डी 30 नवंबर से 1 दिसंबर और खो-खो 2 से 3 दिसंबर को होगी। नौका दौड़ 3 दिसंबर तथा घुड़दौड़ 4 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। 5 दिसंबर को टग ऑफ वार, शतरंज और योग की स्पर्धाएं होंगी।
क्रिकेट 6 से 11 दिसंबर, हैंडबॉल 7 से 8 दिसंबर, वॉलीबॉल 9 से 10 दिसंबर तथा फुटबॉल 9 से 11 दिसंबर तक खेली जाएगी। वहीं 12 दिसंबर को पैरा एथलेटिक्स व बास्केटबॉल तथा 12 से 13 दिसंबर तक कुश्ती दंगल का आयोजन होगा। नौका दौड़, घुड़दौड़ और पैरा एथलेटिक्स में स्थानीय टीमें भाग लेंगी, जबकि शेष खेलों में नौ प्रमंडलों की टीमें उतरेंगी।
आयोजन के लिए अलग-अलग स्थल तय किए गए हैं। कबड्डी, खो-खो, टग ऑफ वार, शतरंज, योग, हैंडबॉल, फुटबॉल, पैरा एथलेटिक्स, बास्केटबॉल और कुश्ती दंगल डाक बंगला मैदान, सोनपुर में होंगे। क्रिकेट रेलवे ग्राउंड और वॉलीबॉल रेलवे मैदान में आयोजित होगा। नौका दौड़ पुल घाट से काली घाट के बीच तथा घुड़दौड़ डाक बंगला मैदान व सोनपुर प्रखंड कार्यालय के दक्षिण स्थित बलुआही मैदान में होगी।
खिलाड़ियों के लिए आवासन, पौष्टिक भोजन, पेयजल, स्वच्छता, चौबीसों घंटे बिजली-जनरेटर व रोशनी की व्यवस्था रहेगी। मैदानों के समतलीकरण, बैरिकेडिंग, खेल उपकरण व साउंड सिस्टम के साथ चिकित्सक, नर्स, जीवन रक्षक दवाइयों और एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी। तकनीकी पदाधिकारियों, निर्णायकों और खेल संघों के समन्वय से निबंधन, प्रमाण-पत्र सत्यापन व परिणाम संधारण होगा।
विजेता व उपविजेता को पुरस्कार राशि, मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। सुरक्षा व विधि-व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा और महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य मेले को खेल प्रतिभाओं के सशक्त मंच के रूप में स्थापित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार