छपरा कालीबाड़ी दुर्गापूजा में षष्ठी से विजया दशमी तक, जानिए कब-कौन से अनुष्ठान होंगे संपन्न
सारण, 16 अक्टूबर (हि.स.)। छपरा में शारदीय दुर्गापूजा को लेकर चारों तरफ उत्साह और उल्लास का माहौल है। शहर में काशी, मिथिला और बांग्ला रीति-रिवाजों के अनुसार अलग-अलग परंपराओं से पूजा की जाती है। इसी कड़ी में, शहर के कालीबाड़ी में इस वर्ष श्री श्री शारदीय दुर्गापूजा अपने 105वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है, जहां बंगाली रीति-रिवाजों से मां दुर्गा की आराधना की जाती है।
पूजा सचिव अवशेष कुमार सिंह उर्फ भोला दादा ने बताया कि आधिकारिक शुभारंभ आज संध्या 8 बजे षष्ठी पूजा, देवी के बोधन, आमंत्रण एवं अधिवास के साथ हो रहा है। इसके बाद 17 अक्टूबर को सप्तमी, 18 अक्टूबर को अधिक सप्तमी तथा 19 अक्टूबर को महाअष्टमी मनाई जाएगी। महाअष्टमी के अवसर पर विशेष संधिपूजा सुबह 7:26 बजे से 8:14 बजे तक संपन्न होगी।
20 अक्टूबर को महानवमी पर हवन और बलि का विधान होगा। वहीं, 21 अक्टूबर को विजया दशमी के दिन सुबह 9 बजे दशमी पूजा, 10:30 बजे पारंपरिक सिंदूर खेला और दोपहर 12 बजे प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। समिति ने बताया कि पर्व के दौरान प्रतिदिन सुबह 10 से 11:30 बजे तक पुष्पांजलि किया जाएगा।
सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अनुसार, इस बार का यह महापर्व शहरवासियों के लिए खास है। इसके अलावा, सप्तमी से नवमी तक संध्या 7:30 बजे से आरती का आयोजन होगा। कालीबाड़ी में बंगाली पद्धति से होने वाले आयोजनों और मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार