छपरा के कालीबाड़ी में बंगाली पद्धति से हो रही मां की आराधना
सारण, 17 अक्टूबर (हि.स.)। छपरा में शारदीय दुर्गापूजा को लेकर चारों तरफ उत्साह का माहौल है। शहर के ऐतिहासिक कालीबाड़ी में इस वर्ष श्री दुर्गापूजा अपने 105वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है, जहां पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों से मां की आराधना की जा रही है।
रात लगभग 8 बजे षष्ठी पूजा, बोधन, आमंत्रण एवं अधिवास के साथ मां का पट खुल गया। समिति के सुभाष मित्रा ने बताया कि आज सप्तमी है, 18 अक्टूबर को अधिक सप्तमी और 19 अक्टूबर को महाअष्टमी मनाई जाएगी। महाअष्टमी पर विशेष संधिपूजा सुबह 7:26 से 8:14 बजे तक होगी। वहीं, 20 अक्टूबर को महानवमी पर हवन और बलि का विधान होगा।
पर्व के अंतिम दिन 21 अक्टूबर को विजया दशमी पर सुबह 9 बजे दशमी पूजा, 10:30 बजे पारंपरिक सिंदूर खेला और दोपहर 12 बजे प्रतिमा विसर्जन संपन्न होगा। साथ ही, प्रतिदिन सुबह 10 से 11:30 बजे तक पुष्पांजलि और सप्तमी से नवमी तक संध्या 7:30 बजे से आरती का आयोजन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार