छपरा के झौवा गांव में पीढ़ियो से बनाई जा रही छठ पूजा की विशेष पूजन सामग्री अरता पात
सारण, 10 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा इन दिनों पूरे बिहार में देखते ही बनती है। नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय यह महापर्व आस्था, अनुशासन और कठिन साधना का अनूठा प्रतीक है।
इस पर्व में विभिन्न प्रकार की पूजन सामग्रियों का विशेष महत्व होता है, जिनमें अरता-पात रुई से बनने वाला विशेष पत्ता के बिना छठ व्रत अधूरा माना जाता है। सारण जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र स्थित सैदपुर झौवा पंचायत इस परंपरा का मुख्य केंद्र है, जहाँ लगभग सैकड़ों वर्षों से यह पुश्तैनी काम पीढ़ी-दर-पीढ़ी किया जा रहा है।
झौवा पंचायत की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अरता-पात तैयार करने का यह पारंपरिक कार्य किसी एक वर्ग या जाति तक सीमित नहीं है। यहाँ समाज के सभी धर्मों, वर्गों और आयु के लोग चाहे महिलाएँ हों, युवा हों या बुजुर्ग आपसी भेदभाव भुलाकर इस कुटीर उद्योग को सहेजे हुए हैं। गाँव के लगभग हर घर में सालभर आरता पत्ता तैयार किया जाता है, जो बिहार के स्थानीय बाजारों के अलावा दिल्ली, मुंबई जैसे देश के अन्य महानगरों तक भेजा जाता है।
बाजार में बेहद कम कीमत पर मिलने वाले इन पत्तों को तैयार करने की प्रक्रिया काफी जटिल और शुद्धता से जुड़ी होती है। मिट्टी के ढक्कन में बने साँचे की मदद से अकवन की रुई को करीने से गोल आकार दिया जाता है। इसके बाद इन पत्तों का थाक लगाकर उबलते हुए रंगीन पानी में डाला जाता है। रंगने के पश्चात इन्हें धूप में सुखाया जाता है, सावधानी से अलग किया जाता है और अंत में पैकिंग कर थोक व्यापारियों को बेचा जाता है।
कड़ी मेहनत और समर्पण के बावजूद इन हुनरमंद कारीगरों की राह आसान नहीं है। एक ओर जहाँ थोक व्यवसायी बेहद कम दरों पर इनसे माल खरीदते हैं, जिससे कारीगरों को नाममात्र का लाभ मिल पाता है और वे बमुश्किल गुजर-बसर करते हैं; वहीं दूसरी ओर, आकवन की रुई के लगातार संपर्क में रहने के कारण मजदूरों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है। इसके सूक्ष्म कणों के प्रभाव से गाँव के कई लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं।
अनेक कठिनाइयों, स्वास्थ्य जोखिमों और तंगहाल जीवन के बावजूद भगवान सूर्य और छठी मईया के प्रति अटूट आस्था इन परिवारों को हर साल इस काम में जुटने की प्रेरणा देती है। गाँव के लोगों ने सरकार से इस पारंपरिक कुटीर उद्योग के संरक्षण और कारीगरों के स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु विशेष आर्थिक मदद व कल्याणकारी योजनाओं की गुहार लगाई है। सांस्कृतिक विरासत की रीढ़ बने इन कारीगरों की कला को उचित मंच और वाजिब मूल्य मिलना समय की मुख्य माँग है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार