तरैया में ट्रेनिंग से लौटे आर्मी लेफ्टिनेंट अमित का हुआ स्वागत

 


सारण, 19 सितंबर (हि.स.)। तरैया प्रखंड के बेलहरी गांव निवासी रुदल राय के पुत्र अमित कुमार के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने और ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटने पर जगह-जगह स्वागत सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

छपरा से गांव आगमन के दौरान नेवारी में मुखिया संघ अध्यक्ष मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में उनका अभिनंदन हुआ। तरैया स्टेट बैंक के समीप घंटों धूप में खड़े सैकड़ों जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों व ग्रामीणों ने भारत माता की जय के नारों और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया।

पुलिस सुरक्षा के बीच तिरंगा लिए युवाओं का बाइक जुलूस और बघ्घी पर सवार लेफ्टिनेंट का काफिला आकर्षण का केंद्र रहा, जिससे तरैया में कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी रही। बेलहरी गांव में आयोजित मुख्य समारोह में जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार