मांझी में हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर जेवर व नकदी लूटी

 




सारण, 18 सितंबर (हि.स.)। मांझी थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव में बीती रात चार हथियारबंद अपराधियों ने एक घर को निशाना बनाते हुए भीषण लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।

अपराधी लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और रुपये लेकर फरार हो गए।

पीड़ित गृहस्वामी राज कुमार भारती पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के वक्त घर पर उनकी पत्नी गायत्री देवी और पुत्री किरण कुमारी अकेली थीं। अपराधियों ने दोनों को कमरे में बंद कर दिया और ताला तोड़कर मई में होने वाली बेटी की शादी के लिए रखे गहने व सामान समेट लिए।

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 प्रेमचंद्र सिंह, इंस्पेक्टर किरण शंकर व थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार