सोनपुर मेला 2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 15 अक्टूबर तक होगा आवेदन

 




सारण, 24 सितंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले की सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के इच्छुक कलाकार 15 अक्टूबर तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि विभिन्न विधाओं के स्थानीय और उभरते कलाकारों को पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मेले के ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, धार्मिक महत्व और समृद्ध परंपरा को वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करने के लिए एक विशेष वीडियो डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी। इसमें मेले के पौराणिक इतिहास से लेकर बदलते सामाजिक-सांस्कृतिक स्वरूप को बारीकी से दर्शाया जाएगा।

इसके साथ ही सोनपुर मेले के प्रमुख आकर्षणों, कला, लोक संस्कृति और महत्वपूर्ण स्थलों का संकलन कर एक आकर्षक कॉफी टेबल बुक भी प्रकाशित की जाएगी। विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि गत वर्ष की तर्ज पर ही इस वर्ष भी सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भव्य और विविधतापूर्ण होनी चाहिए।

उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि आयोजनों में हमारी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और परंपरा की झलक बखूबी दिखे, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार