एनबीए विशेषज्ञ टीम ने छपरा इंजीनियरिंग कॉलेज का किया मूल्यांकन

 


सारण, 20 सितंबर (हि.स.)। लोक नायक जय प्रकाश प्रौद्योगिकी संस्थान में राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम का तीन दिवसीय मूल्यांकन दौरा रविवार को संपन्न हुआ। 18 से 20 सितंबर तक चले इस दौरे में संस्थान के स्नातक मैकेनिकल इंजीनियरिंग कार्यक्रम की शैक्षणिक गुणवत्ता, संसाधनों और परिणाम आधारित शिक्षा व्यवस्था की सघन जांच की गई।

डॉ. जी.पी. प्रभु कुमार के नेतृत्व में आई टीम ने पहले दिन प्राचार्य डॉ. बिमल कुमार की प्रस्तुति के बाद केंद्रीय पुस्तकालय, डिजिटल सुविधाओं और वित्तीय व्यय का जायजा लिया। दूसरे दिन विशेषज्ञों ने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, कोर्स फाइलों, प्रोजेक्ट्स तथा सीओ-पीओ उपलब्धियों की समीक्षा की। साथ ही छात्रों, पूर्व छात्रों, अभिभावकों व नियोक्ताओं से संवाद कर फीडबैक लिया।

अंतिम दिन एग्जिट मीटिंग के बाद मूल्यांकन रिपोर्ट एनबीए मुख्यालय को भेज दी गई। प्राचार्य डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि एनबीए मान्यता मिलने से संस्थान की शैक्षणिक साख मजबूत होगी और विद्यार्थियों के लिए बेहतर प्लेसमेंट व उच्च शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार