सारण में गंडक के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी
सारण, 26 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में हुई भारी बारिश के कारण गंडक नदी में लगभग चार लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से जलस्तर में तेजी से वृद्धि की संभावना बन गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी अधिकारियों एवं अभियंताओं को हाई अलर्ट मोड पर रहने और तटबंधों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया है।
संभावित बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए जिलाधिकारी ने दरियापुर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मगरपाल छड़की सहित विभिन्न संवेदनशील तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षात्मक और कटाव निरोधी कार्यों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए बोरी, बालू और फ्लड फाइटिंग सामग्रियों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करें। उन्होंने तटबंधों की 24 घंटे गश्ती कराने का आदेश दिया, ताकि सीपेज या दरार की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार