डोरीगंज थाने से हथकड़ी समेत आरोपित बाइक चोर फरार

 

सारण, 24 सितंबर (हि.स.)। जिले के डोरीगंज थाने से पुलिस अभिरक्षा को चकमा देकर हथकड़ी समेत एक कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के 12 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को आरोपित का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

जानकारी के अनुसार गरखा थाना क्षेत्र के उसाव गांव निवासी वीरेंद्र राय का पुत्र गिरफ्तार आरोपित नितेश कुमार सुबह शौच जाने की बात कही। ड्यूटी पर तैनात चौकीदार त्रिलोकी मांझी ने उसे हाजत से निकालकर हथकड़ी सहित शौचालय में बैठाया। शौचालय से निकलते ही आरोपित ने चौकीदार को धक्का दिया और परिसर से तेजी से भाग निकला।

डोरीगंज थानाध्यक्ष राज शेखर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाने से बाइक चोरी करने और अभिरक्षा से फरार होने की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार कैदी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार