सोनपुर में उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने की जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक
सारण, 17 सितंबर (हि.स.)। सोनपुर स्थित प्लस टू सेमिनरी हाई स्कूल के सभाकक्ष में आज शाम प्रभारी मंत्री-सह-उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति 20 सूत्री की बैठक हुई। बैठक में जिले के विभिन्न नगर निकायों के गठन, उत्क्रमण तथा क्षेत्र विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की शुरुआत से पहले जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जिसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यवाही के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों के साथ-साथ दो नए प्रस्तावों को समिति के समक्ष रखा।
इस दौरान प्रस्तावित क्षेत्रों के क्षेत्रफल, जनसंख्या, नजरी नक्शा और भौगोलिक स्थिति की जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर निकायों के मानक हेतु जनसंख्या नगर पंचायत के लिए 12-40 हजार, नगर परिषद के लिए 40 हजार से 2 लाख और नगर निगम के लिए 2 लाख से अधिक, भौगोलिक स्वरूप तथा आजीविका के स्रोतों को मुख्य आधार बनाया गया है।
कुल 15 प्रस्तावों पर हुआ मंथन जिसमें क्षेत्र विस्तार के लिए नगर निगम छपरा एवं नगर परिषद सोनपुर, नगर परिषद में उत्क्रमण के लिए रिविलगंज, मढ़ौरा, परसा एवं दिघवारा नगर पंचायत तथा नए नगर पंचायत गठन के लिए दरियापुर बेला, तरैया, बनियापुर, इसुआपुर, नगरा, पानापुर, गरखा एवं मकेर को नगर पंचायत तथा अमनौर को नगर परिषद बनाने का प्रस्ताव पर चर्चा हुआ।
बैठक में 20 सूत्री समिति के उपाध्यक्ष-सह-सोनपुर विधायक विनय सिंह, तरैया विधायक जनक सिंह, विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह, विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, 20 सूत्री उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह , नगर निगम के मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता सहित सभी जिला व अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। इन प्रस्तावों की स्वीकृति से जिले में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार