सारण में मटकी फोड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 






सारण, 05 सितंबर (हि.स.)। शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले प्रमुख नगर पालिका चौक पर श्रीकृष्ण जन्म उत्सव समिति के तत्वावधान में मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक आयोजन में शहर के श्रद्धालुओ नागरिकों ने भारी संख्या में शिरकत की।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रवि शंकर एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन सत्र के उपरांत कलाकारों द्वारा मनमोहक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इन कलाकारों ने विभिन्न लोकप्रिय भक्ति गीतों पर भगवान श्रीकृष्ण और राधा के जीवन पर आधारित सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

इसके पश्चात कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण यानी मटकी फोड़ प्रतियोगिता का रोमांचक चरण शुरू हुआ। इस आयोजन के लिए युवतियों ने पिछले कई महीनों से कड़ी मेहनत और अभ्यास किया था। युवतियों की टोलियों ने अद्भुत समन्वय और अनुशासन का परिचय देते हुए मानव पिरामिड बनाया और ऊंचाई पर लटकी मटकी को सफलतापूर्वक फोड़ा। इस साहसिक प्रदर्शन के दौरान पूरा पंडाल जय कन्हैया लाल की के नारों से गूंज उठा।

समारोह के अंतिम चरण में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति द्वारा समाज सेवा से जुड़े विभिन्न लोगों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्सव में राधा-कृष्ण के स्वरूप में पहुंचे नन्हें-मुन्ने बाल गोपालों और अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों को भी समिति की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार