निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सांसद से मिला प्रतिनिधिमंडल
सारण, 10 अक्टूबर (हि.स.)। इसुआपुर के महावीरी अखाड़ा सह झंडा मेला कांड (थाना कांड संख्या 335/26) की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मेला लाइसेंसधारियों एवं प्रखंड के जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल से मुलाकात की। इस संबंध में सांसद को ज्ञापन सौंपकर मामले में आवश्यक हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि इसुआपुर का महावीरी अखाड़ा सह झंडा मेला पिछले 42 वर्षों से लगातार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित होता आ रहा है। इस वर्ष भी मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद थे। इसके बावजूद मेला लाइसेंसधारियों एवं साउंड संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया है।
सदस्यों ने आशंका जताई कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो भविष्य में ऐतिहासिक मेला के आयोजन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे अपने स्तर से मामले की जानकारी लेकर जांच कराने का प्रयास करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में जिला पार्षद छविनाथ सिंह, डॉ. रणवीर सिंह, विजय सिंह, ढोलन सिंह, गोपाल बाबा, राकेश सिंह, बद्रीनारायण सिंह, मदन सिंह, भीष्म यादव व कपिल देव राम शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार