सारण में दुर्गापूजा को लेकर 774 अनुज्ञप्तियाँ निर्गत

 


सारण, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में आगामी दुर्गापूजा एवं रावण दहन-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। प्रशासनिक प्रतिवेदन के अनुसार, जिले के 37 थानों से कुल 1,126 अनुज्ञप्ति आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 774 अनुज्ञप्तियाँ निर्गत की जा चुकी हैं, जबकि शेष पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

वहीं, मूर्ति विसर्जन के लिए 20 से 23 अक्टूबर 2026 तक की तिथियों पर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूजा समितियों व शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठकें कर निर्देश दिए गए हैं। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए निरोधात्मक व बंधपत्र की कार्रवाई की जा रही है।

साथ ही, डीजे संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर तय दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों व आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सभी नागरिक आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ पर्व मनाएँ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार