सारण जिले में 102 गांव बाढ़ से हुए प्रभावित जिलाधिकारी ने स्वयं संभाला मोर्चा युद्ध स्तर पर बचाव और राहत कार्य जारी
सारण, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिले के सात प्रमुख प्रखंडों पानापुर, तरैया, अमनौर, मकेर, दरियापुर सोनपुर एवं परसा के अंतर्गत आने वाली 25 पंचायतों के 102 गांव गंडक के उफान की चपेट में हैं। प्रशासन द्वारा 1 अक्टूबर शाम 5:00 बजे तक जारी की गई आंकड़ों के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा से क्षेत्र की लगभग 170025 आबादी और करीब 36250 परिवार प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हुए हैं। जलस्तर एवं परिस्थितियों को देखते हुए 15,400 लोगों का निष्क्रमण कराया गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं। बाढ़ का पानी अब राष्ट्रीय राजमार्ग 722 पर भी आ पहुंचा है, जिससे आवागमन बुरी तरह बाधित हुआ है और कई लोग पानी के बीच फंस गए हैं। स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्यों को गति देने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, तथा वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, स्वयं नाव से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने पानी में फंसे लोगों के रेस्क्यू अभियान का प्रत्यक्ष रूप से नेतृत्व किया। इसके अतिरिक्त बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से भी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का काम युद्धस्तर पर जारी है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना और सहायता प्रदान करना है।
वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरफ और एसडीआरएफ की चार टीमें तैनात हैं। साथ ही साथ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने एवं राहत कार्यों के लिए नावों का परिचालन किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार नावों की उपलब्धता एवं परिचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए कुल 20 चिकित्सा शिविर संचालित किए जा रहे हैं।
प्रभावित पशुओं की सुरक्षा एवं चिकित्सा के लिए भी पशु चिकित्सा शिविर संचालित किए जा रहे हैं। पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने एवं वितरण की कार्रवाई भी जारी है। इसके अतरिक्त एक राहत केंद्र संचालित है, जहां वर्तमान में पचास आश्रयार्थी रह रहे हैं।
इसके अलावा बेघर हुए लोगों के लिए पॉलीथिन शीट का वितरण जारी है।जिला स्तर पर पॉलीथिन शीट का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रभावित सातों प्रखंडों में सामुदायिक रसोई शुरू की गई हैं, आवश्यकता पड़ने पर और भी सामुदायिक रसोई बढ़ाया जाएगा। सामुदायिक रसोई के माध्यम से प्रभावित लोगों को पौष्टिक एवं सुपाच्य भोजन कराया जा रहा है। साथ ही फूड पैकेट/ड्राई राशन पैकेट का वितरण भी जारी है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधा और भोजन की उपलब्धता में कोई कोताही न बरती जाए। जलस्तर में होने वाले बदलावों पर सतत नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, नदी व तटबंध के संवेदनशील इलाकों में जाने से बचें और आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार