सारण में दो दिवसीय किसान मेला का हुआ आयोजन, आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित हुए किसान

 




सारण, 18 नवंबर (हि.स.)। छपरा के बाजार समिति स्थित संयुक्त कृषि भवन प्रांगण में आज दो दिवसीय किसान मेला-सह-फल, फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।मेले में जिले के सभी प्रखंडों से पहुंचे किसानों ने अपने उत्कृष्ट कृषि उत्पादों और उपज का प्रदर्शन किया।

मेले का उद्घाटन संयुक्त रूप से जिला परिषद अध्यक्ष जयमित्रा देवी और संयुक्त निदेशक शस्य, सारण प्रमंडल, अजय कुमार सिंह द्वारा किया गया।मेले में कृषि यंत्रों एवं उपादान विक्रेताओं के साथ-साथ मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, पौधा संरक्षण, मिट्टी जांच प्रयोगशाला, जीविका और आनंदीहित समूहों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, विभागीय योजनाओं और अन्य उपयोगी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

अपने संबोधन में जिला कृषि पदाधिकारी मधुरेन्द्र कुमार सिंह ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी। वहीं संयुक्त निदेशक अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज एवं अन्य कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिला परिषद अध्यक्ष जयमित्रा देवी ने किसानों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे मेलों के आयोजन की पुरजोर मांग की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं अन्नदाता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार