संतमत के 15वें वार्षिक ध्यान अधिवेशन में उमड़ा आस्था का सैलाब, स्वामी सत्यानंद जी के प्रवचन से गूंजा पंडाल
सुपौल, 05 नवंबर (हि.स.)। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन स्थित सुकमारपुर गौरवगढ़ में सुपौल जिला संतमत सत्संग का 15वां वार्षिक ध्यान अधिवेशन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में आयोजित किया गया। दो दिवसीय इस अधिवेशन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु सपरिवार शामिल हुए। भजन, स्तुति-विनती और जयकारों से पूरा पंडाल भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के शुभारंभ पर आयोजन समिति की ओर से पधारे संत-महात्माओं का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
अधिवेशन में प्रवचन करते हुए संतमत सत्संग के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता परम पूज्य स्वामी श्री सत्यानंद जी महाराज ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानवता, शांति और आत्मकल्याण का महान अभियान है। संतमत किसी एक जाति, धर्म या संप्रदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी धर्मों के सार को स्वीकार करते हुए मानवता को एक सूत्र में बांधता है। सबका सम्मान और सबका कल्याण ही संतमत की सबसे बड़ी विशेषता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में तनाव, नशाखोरी, अशांति, पारिवारिक कलह और मानसिक परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे दौर में ध्यान अधिवेशन लोगों को आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवन की दिशा प्रदान करता है। संतमत का ध्यान-योग मन को एकाग्र करने के साथ व्यक्ति को बुराइयों से दूर रहने और इंसानियत के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
स्वामी सत्यानंद जी महाराज ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे मोबाइल और नशे की लत से बचें तथा ध्यान, योग और सदाचार को अपने जीवन में अपनाएं। ध्यान से मन को सही दिशा मिलती है और व्यक्ति अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्र होता है। उन्होंने सद्गुरु महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज के संदेश को दोहराते हुए कहा कि ईश्वर का भजन करो और मानव सेवा करो। यही जीवन को सार्थक बनाने का मार्ग है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय संतमत सत्संग महासभा के सदस्य एवं जिला सहायक मंत्री डॉ. अमन कुमार ने कहा कि दो दिवसीय अधिवेशन में सभी सत्संग प्रेमी सपरिवार पहुंचकर ध्यान, भजन और सत्संग का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन आने वाली पीढ़ी को अच्छे संस्कार, मानसिक शांति और सद्गुरु के विचारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, भाजपा नेता डॉ. विजय शंकर चौधरी उर्फ खोखा बाबू, पूर्व मुख्य पार्षद जगदीश प्रसाद यादव, वार्ड पार्षद शिवराम यादव, महात्मा बेचन यादव, डॉ. राजा राम गुप्ता, तेजनारायण मेहता, लक्ष्मण मंडल, देवनन्दन यादव, राजीव कुमार, शिवम साह एवं रामकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, साधु-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र