काशी से कटिहार पहुँची संत रविदास कलश यात्रा, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

 


कटिहार, 08 अगस्त (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत उनकी जन्मभूमि काशी से चलकर कटिहार पहुँची पवित्र कलश रथ यात्रा का जिला भाजपा परिवार द्वारा अत्यंत भव्य और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। शहर के हरिशंकर नायक स्कूल स्थित सर्वमंगला दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित इस प्रमुख कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, प्राणपुर विधायक सह महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह और कोढ़ा विधायक कविता पासवान मौजूद थे, जहाँ सैकड़ों की संख्या में मौजूद उत्साहित कार्यकर्ताओं ने पवित्र कलश का आत्मीय अभिनंदन किया।

पटना से रथ के साथ रवाना हुई यह पवित्र कलश यात्रा जैसे ही कटिहार जिले की सीमा में दाखिल हुई, वैसे ही कुर्सेला, समेली, गेड़ाबाड़ी और कोलासी समेत विभिन्न निर्धारित पड़ावों पर स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं ने इसका अभूतपूर्व स्वागत किया। यात्रा के समापन चरण में कटिहार शहर के सर्वमंगला दुर्गा मंदिर परिसर में पावन कलश की स्थापना और विशेष पूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें सभी प्रमुख जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सम्मिलित होकर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की तथा संत रविदास महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अपने श्रद्धासुमन समर्पित किए।

इस पावन अवसर पर अपने विचार रखते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि संत रविदास जी का महान जीवन हम सभी को जाति और पंथ के संकुचित भेदों से ऊपर उठकर समता, बंधुत्व और सामाजिक एकता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के संयोजक सह जिला महामंत्री रामनाथ पांडे और सौरभ कुमार मालाकार ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि आगामी 18 अगस्त से कटिहार जिले के सभी 34 मंडलों में मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में शक्ति केंद्रों, पंचायतों और बूथ स्तर तक इस कलश यात्रा का विस्तार किया जाएगा, जिसके माध्यम से आगामी 20 फरवरी तक विभिन्न आयोजनों के जरिए गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया जाएगा।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष लक्खी महतो, जिला उपाध्यक्ष शोभा जायसवाल, जिला मंत्री गौरव पासवान, पूर्व जिला महामंत्री वीरेंद्र यादव, महेंद्र झा, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, राजेंद्र रजक, बुलबुल सिंह, रंजना झा, बब्बन झा, नगर अध्यक्ष बबलू पासवान, शिव शंकर सरकार, सोनू सिन्हा और पूजा शर्मा सहित जिले के तमाम पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष-महामंत्री तथा भारी संख्या में ऊर्जावान वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता अपनी सक्रिय भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह