संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय शिविर का शुभारंभ

 




सुपौल, 27 अगस्त (हि.स.)। श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिले के पंचायत सरकार भवन करिहो, वार्ड नंबर-03 में श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता सचिदानंद सुमन ने श्री गुरु संत रविदास जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों को शिविर के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार के विभिन्न 22 विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र लोगों को शत-प्रतिशत आच्छादित करने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में सभी 22 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि जो भी पात्र व्यक्ति किसी सरकारी योजना के लाभ से वंचित हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विभाग के स्टॉल पर आवेदन जमा करें, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान विकास मित्रों द्वारा शिविर से पूर्व प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को लाभ प्रदान किया गया। अपर समाहर्ता सचिदानंद सुमन ने 10 लाभुकों को राशन कार्ड, 19 लाभुकों को आयुष्मान कार्ड, 9 लाभुकों को जॉब कार्ड तथा 8 लाभुकों को ई-श्रम कार्ड वितरित किया। वहीं, कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 5 लाभुकों को तीन-तीन हजार रुपये का चेक एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया और पात्र लाभुकों से शिविर में आवेदन करने की अपील की।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी, विकास मित्र एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र