संस्कृत विश्वविद्यालय का आठवां दीक्षांत समारोह 5 दिसंबर को, 39 पीजी विद्यार्थियों को मिलेगा गोल्ड मेडल
दरभंगा, 28 नवंबर (हि.स.)। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में आठवें दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 5 दिसंबर को शिक्षा शास्त्र विभाग परिसर में आयोजित होने वाले इस समारोह में कुलाधिपति सह बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन अध्यक्षता करेंगे। समारोह में 39 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा।
समारोह के आयोजन को लेकर लोक भवन, पटना की ओर से मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम एवं मंचीय आसन व्यवस्था को स्वीकृति मिल चुकी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कुलाधिपति सुबह 11:30 बजे विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगे। इसके 20 मिनट बाद सुबह 11:50 बजे शोभायात्रा के साथ दीक्षांत समारोह की औपचारिक शुरुआत होगी।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय स्वागत भाषण देंगे तथा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्थागत प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। भारतीय भाषा समिति, नई दिल्ली के अध्यक्ष एवं पद्मश्री सम्मानित चामू कृष्ण शास्त्री दीक्षांत भाषण देंगे। वहीं बिहार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर भी समारोह को संबोधित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:48 बजे दीक्षा वाक्य एवं शपथ का आयोजन होगा। इसके बाद कुलाधिपति 39 स्नातकोत्तर गोल्ड मेडल प्राप्तकर्ताओं को शुभकामनाएं देंगे। राज्यपाल का अध्यक्षीय संबोधन दोपहर 1:10 बजे निर्धारित है। समारोह की औपचारिक गतिविधियां पूरी होने के बाद भोजन की व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम के अनुसार कुलाधिपति अपराह्न 2:05 बजे पटना के लिए प्रस्थान करेंगे। इस प्रकार दीक्षांत समारोह में उनकी कुल 2 घंटे 35 मिनट की उपस्थिति निर्धारित की गई है।
संस्कृत विश्वविद्यालय के इस दीक्षांत समारोह को लेकर विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह है। विशेष रूप से गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह अवसर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के सार्वजनिक सम्मान का महत्वपूर्ण क्षण होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra