संस्कृत विश्वविद्यालय में आठवें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को मिली मंजूरी
दरभंगा 29 नवंबर (हि.स.)।
कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में रविवार को कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय की अध्यक्षता में सिंडिकेट, वित्त समिति एवं आठवें दीक्षांत समारोह के संयोजकों की बैठक हुई। सिंडिकेट की बैठक में करीब एक दर्जन प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि एवं उसके कार्यान्वयन को मंजूरी दी गई। वहीं, हाल में आयोजित विद्वत परिषद के निर्णयों पर भी सिंडिकेट ने अपनी मुहर लगा दी।
बैठक में 5 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित आठवें दीक्षांत समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। समारोह की रूपरेखा, विभिन्न कार्यक्रमों तथा कुलाधिपति, कुलपति, मुख्य अतिथि एवं बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री के संबोधन को अनुमोदित किया गया। कुलसचिव डॉ. दिनेश झा ने सभी प्रस्तावों को सदन के समक्ष प्रस्तुत किया।
इससे पूर्व आयोजित वित्त समिति की बैठक में वर्ष 2027-28 के वार्षिक बजट को पारित किया गया। साथ ही दीक्षांत समारोह के आयोजन पर होने वाले व्यय को भी स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, संयोजकों की बैठक में तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सिंडिकेट की बैठक में बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, प्रो. दिलीप कुमार चौधरी, डॉ. अजीत कुमार चौधरी, शकुन्तला गुप्ता, अध्यक्ष छात्र कल्याण डॉ. पुरेन्द्र वारीक, कुलानुशासक डॉ. कुणाल झा, ज्योतिष विभागाध्यक्ष डॉ. रामनिहोरा राय, वेद विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव मिश्र, डॉ. आरपी चौधरी, डॉ. नंदकिशोर चौधरी, कुलसचिव डॉ. दिनेश झा एवं सीसीडीसी डॉ. शिवलोचन झा उपस्थित थे।
वहीं, वित्त समिति की बैठक में एफए इंद्र कुमार, वित्त पदाधिकारी डॉ. पवन कुमार झा, पंकज मोहन झा, कुंवर जी झा, सुनील भारती एवं मो. सैयूम अंसारी शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra