एनडीए प्रत्याशियों की जीत के लिए बूथ स्तर तक मजबूत करें रणनीति : संजय झा
दरभंगा, 04 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली मोड़ स्थित होटल में रविवार को जनता दल यूनाइटेड की ओर से कार्यकर्ता संवाद एवं शिक्षक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा थे। अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष सह विधायक राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल ने की।
कार्यक्रम में आगामी बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में एनडीए समर्थित प्रत्याशियों डॉ. घनश्याम राय एवं सर्वेश कुमार की जीत सुनिश्चित करने को लेकर चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। संजय कुमार झा ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक रणनीति मजबूत करने और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की उपलब्धियां एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्य पार्टी की बड़ी ताकत हैं। इन उपलब्धियों को शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जरूरत है।
विधायक ईश्वर मंडल ने संजय कुमार झा को परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति का पुनः अध्यक्ष बनाए जाने पर दरभंगा की जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से बधाई दी। उन्होंने कहा कि संजय कुमार झा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मिथिला के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधान परिषद चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी मजबूती से जुटने का आह्वान किया।
मंत्री मदन सहनी, विधान पार्षद डॉ. भारती मेहता एवं विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर अभियान चलाने तथा सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को मतदाताओं तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रत्याशी डॉ. घनश्याम राय, विधायक सुधांशु शेखर, विधायक सतीश साह सहित जदयू के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, शिक्षक प्रतिनिधि, प्रबुद्ध मतदाता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra