सांसद संजय झा के नेतृत्व में भारत-जर्मनी संबंध होंगे और प्रगाढ़ : ईश्वर मंडल

 

दरभंगा , 25 फ़रवरी (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी अध्यक्ष-सह राज्यसभा सदस्य संजय झा को भारत-जर्मनी संसदीय मैत्री संघ का अध्यक्ष बनाए जाने पर जिले में हर्ष का माहौल है। जदयू जिलाध्यक्ष सह विधायक राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल तथा मुरारी मोहन मिश्रा ने उन्हें बधाई देते हुए इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रति आभार प्रकट किया है।

विधायक ईश्वर मंडल ने कहा कि सांसद संजय झा जैसे बौद्धिक और शिक्षाविद् व्यक्तित्व को भारत-जर्मनी संसदीय मैत्री संघ का अध्यक्ष बनाए जाने से ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे। उन्होंने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच शैक्षिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान की समृद्ध परंपरा रही है।

इस संदर्भ में प्रसिद्ध जर्मन विद्वान मैक्स मूलर का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उन्होंने भारतीय धर्मग्रंथों का गहन अध्ययन कर विश्व पटल पर भारतीय संस्कृति की महत्ता स्थापित की। विधायक ने विश्वास जताया कि संजय झा भारत एवं जर्मनी के सांसदों के बीच सहयोग, मैत्री और सामरिक संबंधों को नई ऊंचाई प्रदान करेंगे। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

मिथिला शोध संस्थान के पूर्व पांडुलिपि विभागाध्यक्ष डॉ. मित्रनाथ झा ने भी संजय झा को हार्दिक बधाई देते हुए भारत-जर्मनी के ऐतिहासिक शैक्षिक एवं सांस्कृतिक संबंधों पर प्रकाश डाला। शिक्षाविद् डॉ. शिवकिशोर राय ने इस चयन को सर्वोत्तम बताते हुए कहा कि संजय झा का बहुआयामी व्यक्तित्व इस दायित्व के लिए पूरी तरह उपयुक्त है। जिले के विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक संगठनों ने भी इसे मिथिला एवं बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra