वेतन-मानदेय की मांग पर सफाईकर्मियों की हड़ताल जारी, नप अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
किशनगंज, 06 अगस्त (हि.स.)। विभिन्न मांगों को लेकर नगर परिषद के सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार को भी जारी रही। आंदोलनरत सफाईकर्मियों ने नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान को ज्ञापन सौंपकर वेतन वृद्धि, समय पर वेतन एवं मानदेय भुगतान समेत अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ज्ञापन सौंपने पहुंचे सफाईकर्मियों ने कहा कि वे दिन-रात शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन और मानदेय नहीं मिल रहा है।कर्मचारियों का आरोप है कि प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से कार्य कराने के बावजूद भुगतान में लगातार देरी हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से वेतन वृद्धि नहीं होने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है। हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में सड़कों और मोहल्लों में कचरे का अंबार लगने की आशंका है, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने सफाईकर्मियों की समस्याएं सुनने के बाद ज्ञापन स्वीकार किया और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को संबंधित स्तर पर भेजकर न्यायसंगत समाधान का प्रयास किया जाएगा।
गौरतलब है कि बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन, पटना तथा बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर नगर परिषद कर्मचारी संघ के बैनर तले किशनगंज जिला इकाई के सफाईकर्मी 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। बुधवार को आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने शहर के डे-मार्केट मार्ग पर कचरा फेंककर नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था, जिससे सड़क पर कचरे का ढेर लग गया और लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह