लहसनगंज में स्टेशन निर्माण को लेकर संघर्ष समिति ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
अररिया 17 अगस्त(हि.स.)।फारबिसगंज से लक्ष्मीपुर नई स्वीकृत रेलवे लाइन में बेलैय के स्थान पर लहसनगंज में रेलवे स्टेशन निर्माण को लेकर नवगठित लहसनगंज रेलवे स्टेशन निर्माण संघर्ष समिति के सदस्यों ने विधायक को ज्ञापन सौंप लहसनगंज में रेलवे स्टेशन का निर्माण किए जाने की मांग की।संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनिल विश्वास की अध्यक्षता में समिति के प्रतिनिधियों में रोहित रंजन,सुशांत कुमार,कपिल मंडल,विपुल कुमार आदि ने विधायक मनोज विश्वास को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि लक्ष्मीपुर से फारबिसगंज नई स्वीकृत रेल लाइन परियोजना में बेलैय और पकड़ी में स्टेशन निर्माण किए जाने की बात भूमि परीक्षण के दौरान पता चलने की बात कही।
प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि बेलैय की जनसंख्या लहसनगंज के अपेक्षा काफी कम है और बेलैय में जिस स्थान पर स्टेशन का निर्माण प्रस्तावित है,वह काफी बेधौड़ में है।जहां जाने के लिए चारों ओर से कोई मार्ग नहीं है।जबकि लहसनगंज के अगल बगल के गांवों को मिला दिया जाय तो करीबन डेढ़ लाख की आबादी सीधे लहसनगंज रेलवे स्टेशन से जुड़ जाएगा और लाभान्वित होंगे।मामले को लेकर ज्ञापन के साथ ग्रामीण जनप्रतिनिधियों का समर्थन पत्र,क्षेत्रीय जनसंख्या एवं भौगोलिक विवरण के साथ 15 सौ से अधिक ग्रामीणों का हस्ताक्षरित समर्थन सूची भी विधायक को दी गई।
विधायक को सौंपे गए ज्ञापन में नौ बिंदुओं को दर्शाते हुए बताया गया कि आखिर क्यों लहसनगंज में रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जाय।ज्ञापन में कहा गया है कि लहसनगंज चारों ओर से सीधी पक्की सड़क से जुड़ी हुई है।लहसनगंज से दो सड़क एनएच 27 से सीधी जुड़ती है।इसके अलावा पीडब्ल्यूडी रोड एक ओर एनएच 27 को जोड़ती है तो दूसरी ओर अम्हारा से डोरिया होते हुए आरएस तक जाती है।लहसनगंज गांव पीडब्ल्यूडी सड़क से सीधी तौर पर दस गांवों से जुड़ी है।लहसनगंज से सीधी सड़क खवासपुर रेलवे स्टेशन तक जाती है,जो इस लिंक लाइन से नहीं जुड़ा है
विधायक ने संघर्ष समिति के प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से इस दिशा में सकारात्मक पहल किया जाएगा।विधानसभा में प्रश्न उठाने के साथ रेलवे मंत्री और विभाग से पत्राचार कर लहसनगंज में रेलवे स्टेशन का निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल करने की मांग की जाएगी।उन्होंने संघर्ष समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों के समर्थन में है और इसके लिए संघर्ष में सकारात्मक भूमिका का निर्वहन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर