सुपौल में ‘समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार’ अभियान का शुभारंभ

 




सुपौल, 27 अगस्त (हि.स.)। समाहरणालय परिसर स्थित लहटन चौधरी सभागार में गुरुवार को ‘समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार’ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान का राज्यव्यापी शुभारंभ किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने की। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से उनके स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत सुपौल जिले की 8,538 पात्र जीविका दीदियों के बैंक खातों में प्रथम किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये तथा 2,933 जीविका दीदियों के खातों में द्वितीय किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से अंतरित किए गए। इसके अलावा जीविका निधि के तहत 557 लाभार्थियों को भी राशि का अंतरण किया गया। राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से जीविका दीदियों में खुशी का माहौल रहा। लाभार्थी महिलाएं इस राशि का उपयोग अपने मौजूदा व्यवसाय के विस्तार अथवा नए स्वरोजगार की शुरुआत में कर सकेंगी। इससे परिवार की आय बढ़ाने के साथ महिलाओं की आर्थिक निर्णय क्षमता और आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में सभी लाभुकों का लोकोस संधारण अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक जीविका दीपक कुमार, आईबीसीबी प्रबंधक आजाद कुमार, जिला संचार प्रबंधक विवेक महाजन सहित जीविका के पदाधिकारी, परियोजना कर्मी एवं बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं। डीडीसी इंद्रवीर कुमार ने जीविका दीदियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार, समाज और पूरा बिहार समृद्ध होगा। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। ‘समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार’ अभियान को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र