बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के चौथे चरण का कार्यक्रम जारी
पटना, 16 मार्च (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के चौथे चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस संबंध में बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी ने आदेश जारी किया है। जारी निर्देश के अनुसार मुख्यमंत्री की यह जिलावार ‘समृद्धि यात्रा’ चार दिनों तक चलेगी, जिसमें वे कुल आठ जिलों का दौरा करेंगे।
इस दौरान जिले की प्रमुख विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया जाएगा और आम लोगों से सीधे संवाद भी किया जाएगा। यात्रा के दौरान ‘सात निश्चय’ से जुड़ी योजनाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा जिले में चल रही प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ भी किया जाएगा।
यह यात्रा 17 मार्च से 20 मार्च 2026 तक राज्य के कई जिलों में आयोजित की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे, नई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे तथा जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।
सरकारी आदेश के अनुसार 17 मार्च मंगलवार को मुख्यमंत्री अपनी यात्रा की शुरुआत भागलपुर जिले से करेंगे। यहां वे पूर्वाह्न में विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद अपराह्न में मुख्यमंत्री बांका जिले का दौरा करेंगे, जहां कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने की संभावना है।
यात्रा के दूसरे दिन 18 मार्च बुधवार को मुख्यमंत्री जमुई और नवादा जिलों का दौरा करेंगे। सुबह के समय वे जमुई में विकास योजनाओं की स्थिति का जायजा लेंगे, जबकि दोपहर बाद नवादा जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यहां भी मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रही योजनाओं की समीक्षा करेंगे और जनता से संवाद करेंगे।
19 मार्च गुरुवार को मुख्यमंत्री मुंगेर और लखीसराय जिले का दौरा करेंगे। सुबह मुंगेर में विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद वे अपराह्न में लखीसराय पहुंचेंगे। यहां वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर सकते हैं। इसके साथ ही जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। यात्रा के चौथे चरण का अंतिम दिन 20 मार्च काे मुख्यमंत्री गया और औरंगाबाद जिलों में कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पूर्वाह्न में गया जिले में विकास योजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा, जबकि अपराह्न में औरंगाबाद जिले में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री आम लोगों से भी संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी