समृद्दि यात्रा में बोले सम्राट चौधरी,सहरसा एयरपोर्ट के लिए जल्द जारी होगा टेंडर, खगड़िया में स्टील प्लांट लगाने का ऐलान

 

पटना/सहरसा/खगड़िया1,3 मार्च (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जल्द ही सहरसा में भी एयरपोर्ट निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। मानसी से सहरसा फोरलेन सड़क का भी निर्माण किया जा रहा है। एनडीए शासन में सहरसा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने खगड़िया में स्टील प्लांट लगाने का भी ऐलान किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समृद्धि यात्रा के दौरान सहरसा और खगड़िया पहुंचे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सहरसा स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में विकास की मजबूत नींव रखी है। एक समय सहरसा और आसपास का इलाका टापू बन जाता था। बी.पी. मंडल पुल के क्षतिग्रस्त होने पर उसे ठीक होने में वर्षों लग जाते थे। सिमरी बख्तियारपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति काफी परेशान करने वाली थी।

पहले खगड़िया से सहरसा आने में चार से पांच घंटे लगते थे, आज पटना से सहरसा का सफर चार घंटे में पूरा हो रहा है। कोसी, काली कोसी और गंडक जैसी नदियों से घिरे इस इलाके में अब सड़कों का जाल बिछ चुका है। सैकड़ों छोटे-बड़े पुलों का निर्माण कराया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस बिहार में कभी मात्र छह हजार किलोमीटर सड़कें थीं, वहां आज करीब 1 लाख 40 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण कराया जा चुका मानसी से सहरसा तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कभी बिहार का बजट छह हजार करोड़ रुपये था, वह आज बढ़कर साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये हो गया है। वर्ष 2005 से पहले जहां राज्य में केवल 17 लाख बिजली उपभोक्ता थे, आज यह संख्या 2 करोड़ 16 लाख है। राज्य में 23 से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली से करीब 88 प्रतिशत उपभोक्ताओं का बिल शून्य आ रहा है।

साइकिल, पोशाक और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के साथ पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। 1 करोड़ 81 लाख परिवारों के खातों में 10 हजार रुपये भेजकर उन्हें रोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया है। आज जीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं 1 लाख 21 हजार करोड़ रुपये का व्यवसाय कर रही हैं।

मधेपुरा और सुपौल में मेडिकल कॉलेज निर्माण के बाद सहरसा में भी मेडिकल कॉलेज बन रहा है। जल्द ही सहरसा एयरपोर्ट के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।

वहीं खगड़िया के संसारपुर मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खगड़िया उनका घर है। वे यहां नेता नहीं बल्कि बेटा के रूप में आए हैं। पहले खगड़िया से पटना, सहरसा और भागलपुर जाने में पूरा दिन लग जाता था, अब दो से तीन से घंटे में यह दूरी तय होती है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि खगड़िया में स्टेशन रोड का सुधार, बाइपास निर्माण हुआ। चौधरी ने खगड़िया में स्टील प्लांट लगाने का ऐलान किया। और कहा कि पलायन पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए यहां उद्योग स्थापित किया जा रहा है। श्री चौधरी ने कहा कि खगड़िया विकास में पीछे नहीं रहेगा क्योंकि उनका बेटा इसके लिए लगातार प्रयासरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी