विक्रमशिला विश्वविद्यालय का हो रहा है पुनरुद्धार, भागलपुर में एयरपोर्ट निर्माण के साथ मेट्रो चलाने की भी तैयारी

 


पटना/ भागलपुर/बांका, 17 मार्च (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस तरह नालंदा विश्वविद्यालय का पुनरुद्धार कर उसके गौरवशाली इतिहास को पुनर्जीवित किया गया, उसी तरह भागलपुर स्थित विक्रमशिला विश्वविद्यालय की समृद्ध विरासत को भी वापस लाया जाएगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भागलपुर में मेट्रो चलाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मंगलवार काे समृद्धि यात्रा के दौरान भागलपुर और बांका पहुंचे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यहां जगदीशपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव था। उस समय स्कूल, अस्पताल, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी लोगों को नसीब नहीं थी। तब राज्य में मात्र 6 हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जो अब बढ़कर 1 लाख 40 हजार किलोमीटर हो चुकी हैं।

बिहार का बजट भी तब महज 23 हजार करोड़ रुपये का था जो अब बढ़कर लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये हो गया है। राज्य में बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा परिवर्तन हुआ है। पहले जहां केवल 17 लाख बिजली उपभोक्ता थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 2 करोड़ 16 लाख हो गई है। आज 22 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है और 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है, जिससे लगभग 88 प्रतिशत परिवारों का बिजली बिल शून्य आ रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भागलपुर को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। पटना में मरीन ड्राइव के निर्माण के बाद अब भागलपुर में भी मरीन ड्राइव बनाया जा रहा है। इसके अलावा भागलपुर से मिर्चाचौकी, भागलपुर से मुंगेर, सुल्तानगंज से देवघर और भागलपुर से बांका तक फोरलेन सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भागलपुर के विकास पर करीब 36 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि भागलपुर में एक नहीं बल्कि दो एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा में काम हो रहा है और अगले छह महीनों में दूसरे एयरपोर्ट का निर्माण कार्य भी शुरू किया जाएगा। साथ ही यहां 450 एकड़ जमीन पर उद्योग लगाने का भी काम किया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना है। इसके लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

बांका जिले कटोरिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा, बांका वासियों को कोलकाता जाने में 10 से 12 घंटे का समय लगता है।

चौधरी ने कहा कि बांका से गुजरने वाली रक्सौल हल्दिया एक्सप्रेस वे के निर्माण से ये सफर महज 5 से 6 घंटे में पूरा होगा। सरकार ने हनुमना डैम तक पानी पहुंचाने का काम किया है। बिहार के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है। बिहार का बजट बढ़ रहा है, बिहार का विकास तेजी से हो रहा है, इसके साथ ही बिहार प्रगति की राह पर आगे बढ़कर समृद्ध बन रहा है। बिहार में एनडीए सरकार सबका साथ सबका विकास बिना किसी भेदभाव के कर रही है।

उन्हाेंने जिले की सभी पांचों सीटों पर एनडीए को जीत दिलाने के लिए बांका की जनता का आभार जताया और कहा पिछली बार एक सीट रह गया था। इस बार जनता सभी सीटों को जीत दिलाने का काम किया। बुनियादी विकास के बाद अब उद्योग लगाने का काम किया जा रहा है। अगले पांच साल में बांका समेत पूरे बिहार से कोई मजदूरी करने बाहर नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी