सारण के गड़खा में सखी वार्ता का हुआ आयोजन

 






सारण, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के गड़खा प्रखंड स्थित कसीना पंचायत भवन में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सक्षमा दीदी और सी-3 के जिला समन्वयक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिशन शक्ति की जिला मिशन समन्वयक निभा सिंह ने कहा कि वर्तमान दौर में महिलाओं का शिक्षित और जागरूक होना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है। महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। सक्षमा दीदी ने महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और शिक्षा के महत्व से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि एक जागरूक महिला ही पूरे परिवार और समाज की दशा बदल सकती है। वहीं, सी-3 के जिला समन्वयक ने महिलाओं को छोटे-छोटे स्वरोजगार के अवसरों के प्रति प्रेरित किया और उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं ने न केवल अपने अनुभव साझा किए, बल्कि विभिन्न सामाजिक विषयों पर खुलकर चर्चा भी की। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और एक-दूसरे का सहयोग करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार