'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' के तहत सखी वार्ता सह वितरण कार्यक्रम, बालिकाओं को मिले बैग व बोतल
कटिहार, 10 सितंबर (हि.स.)। जिले के आजामनगर प्रखंड सभागार में गुरुवार को 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना के अंतर्गत 'सखी वार्ता सह वितरण कार्यक्रम' का आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित नन्हीं बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बीबीबीपी लोगोयुक्त प्री-स्कूल बैग और वाटर बोतल वितरित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों एवं छात्राओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) सुनीता कुमारी ने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव, घरेलू हिंसा और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के विरुद्ध मुखर होने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित माताओं व किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के महत्व और स्वास्थ्य प्रबंधन से जुड़ी जरूरी जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक ने महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर तथा मिशन शक्ति योजना के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आपात स्थिति या किसी भी प्रकार की हिंसा व समस्या के समाधान के लिए महिला हेल्पलाइन 181 और बच्चों से संबंधित मामलों के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग का आह्वान किया।
सत्र के समापन पर सभी पंजीकृत बालिकाओं के बीच शैक्षणिक किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर सीडीपीओ, जिला परियोजना प्रबंधक सहित विभागीय कर्मी, बालिकाएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह