संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व पर भाजपा का 'समरसता संकल्प अभियान' शुरू

 


कटिहार, 29 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर जिला स्तरीय कार्यशाला समरसता संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में

मंचासिन अतिथियों ने संत गुरु रविदास, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।

अभियान के तहत आगामी सात महीनों तक देशभर में सामाजिक समरसता, सेवा और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया है। इसे धरातल पर उतारने के लिए जिला स्तर पर 4 टोलियाँ और मंडल स्तर पर 5 टोलियों का गठन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के संकल्प को आगे बढ़ाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समान अवसर, श्रम के सम्मान और मानवता की सेवा का प्रेरक संदेश देता है। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने संत रविदास को नमन करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएँ समाज को सम्मान, बंधुत्व और सामाजिक सद्भाव का मार्ग दिखाती हैं। वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान हेतु उनका समर्पण आज भी एकता और सेवा के पथ पर प्रेरणा का स्रोत है।

इस अवसर पर मंच पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्खी महतो, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, गोविंदा अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष राजेंद्र रजक शामिल रहे। साथ ही पूर्व जिलामंत्री वीरेन्द्र यादव, आलोक मंडल, जिला प्रवक्ता महेंद्र झा, पिंटू भगत, युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, रंजना झा, नरेश मंडल, अरुण सिंह, श्वेता राय, संजय मंडल, इफ्तखार राय सहित सभी मंडल अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, संयोजक, कार्यक्रम की मंडल टोली और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह