अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 31 जनवरी को होगी परीक्षा

 


भागलपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, नरगाकोठी के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि सैनिक स्कूल सोसायटी के तत्वावधान में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस परीक्षा के माध्यम से देश भर के सैनिक स्कूलों एवं नए सैनिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा षष्ठ और नवम में नामांकन लिया जाएगा।

प्रधानाचार्य ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी और उनके अभिभावक 3 नवंबर 2026 से 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सामान्य आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 2 दिसंबर 2026 ही निर्धारित है। इसके पश्चात 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 दिसंबर से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा।

इस मौके पर प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि सैनिक स्कूल में शिक्षा प्राप्त करना विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है।

विद्यालय परिवार सभी इच्छुक विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करता है। इस जानकारी को साझा करने के दौरान विद्यालय के सैनिक स्कूल कोऑर्डिनेटर उल्लास डे, परीक्षा प्रमुख गौतम भारती, अभिजीत आचार्य और मीडिया प्रभारी शशि भूषण मिश्र भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर