ग्रामीणों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही होगा त्वरित समाधान : प्रभारी मंत्री
बेतिया, 19 मई (हि.स.)।
राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में मंगलवार को पश्चिम चंपारण जिले की कुल 45 ग्राम पंचायतों में “सहयोग शिविर” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस मौके पर मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही अब त्वरित समाधान होगा।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निर्धन, किसान, मजदूर, महिलाओं एवं जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि पंचायत स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा सहित जिले के सभी जिलास्तरीय पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का भ्रमण किया गया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शिविरों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदनों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी तथा सभी विभागों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित ऐसे शिविर ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ योजनाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी बना रहे हैं। जिला प्रशासन आगे भी इसी तरह जनहित में कार्य करता रहेगा।
इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की गई, वहीं पूर्व से लंबित मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान कर हजारों ग्रामीणों को राहत पहुंचायी गयी।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक