सहयोग शिविर के माध्यम से घर-घर पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : जिलाधिकारी

 


भागलपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार के सबका सम्मान, जीवन आसान अभियान के तहत मंगलवार को भागलपुर जिले की सभी पंचायतों में सहयोग शिविर–2026 का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराना, समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। वहीं जगदीशपुर प्रखंड के पुरैनी टोला, सोनूचक में आयोजित सहयोग शिविर का जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।

दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर में 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निष्पादन कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी आवेदन का निस्तारण शेष है तो उसे तत्काल सहयोग पोर्टल पर दर्ज कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने कहा कि सबका सम्मान, जीवन आसान अभियान का उद्देश्य शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सरकार चाहती है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र में चेक डैम निर्माण, सड़क मरम्मत, आधारभूत संरचना के विकास सहित अन्य स्थानीय आवश्यकताओं से संबंधित मांगें रखीं। डीएम ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने और संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर 630 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 6 करोड़ 71 लाख रुपये की वित्तीय सहायता का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों एवं जीविका दीदियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीएम एवं एसएसपी ने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की तथा अधिकारियों को योजनाओं का पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, जीविका दीदियाँ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर