जिले के सभी प्रखंड के चिन्हित स्थलों पर सहयोग शिविर का हुआ आयोजन

 


सहरसा, 30 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का त्वरित, पारदर्शी एवं सुगम लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला के सभी प्रखंडों के चिन्हित कुल 15 स्थलों पर सहयोग शिविर काआयोजन किया गया।

शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों का निष्पादन कर पात्र लाभुकों को उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा आवेदन निष्पादन से संबंधित प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज हस्तगत कराए गए। साथ ही, आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

शिविर में उपस्थित नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

जिला प्रशासन की यह पहल प्रशासनिक सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने, समस्याओं के शीघ्र निष्पादन तथा शासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रभावी सिद्ध हो रही है।

सहयोग शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही है। जिससे समय और संसाधनों की बचत भी सुनिश्चित हो रही है। अगले सहयोग शिविर का आयोजन दिनांक 07 जुलाई 2026 को प्रस्तावित है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथि को अपने निकटतम सहयोग शिविर में उपस्थित होकर उपलब्ध सेवाओं एवं जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार