संविधान दिवस पर एमएलटी कॉलेज में प्रस्तावना का सामूहिक पाठ व ‘संविधान पर चर्चा’ आयोजित
सहरसा, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर एम.एल.टी. कॉलेज के बीएड प्रशाल में युवा कांग्रेस जिला कमिटी के तत्वावधान में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ और ‘संविधान पर चर्चा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज कुमार निराला ने की व संचालन कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शिंकु आनंद ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में बीएड विभागाध्यक्ष सुप्रिया सिन्हा और युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष कुमार मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रस्तावना के सामूहिक पाठ से हुई, जिसके बाद मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और संविधान निर्माण पर चर्चा की गई। सुप्रिया सिन्हा ने कहा कि लगभग तीन वर्षों के मंथन से बने संविधान ने वंचित वर्गों को ध्यान में रखते हुए नागरिकों को मजबूत आधार दिया। व्याख्याता डॉ. ए.एन. पांडेय ने संविधान निर्माताओं के योगदान को याद किया। मनीष कुमार ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान निर्माण पूर्ण हुआ और इसकी रक्षा करना हर नागरिक का दायित्व है। नीरज कुमार निराला व शिंकु आनंद ने शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे आयोजनों को भावी पीढ़ी के लिए आवश्यक बताया।
मौके पर डेविड यादव, बंटी झा, शाभवी वानी, स्मिता, रानी, स्नेहा, आरती, मोनी कुमारी, तेज नारायण, रिशव राज, सागर, अनुज, अतुल, प्रीतम कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी