सहरसा में मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद का समाज के लोगों द्वारा स्वागत

 




सहरसा,18 नवंबर (हि.स.)।

शहर में राष्ट्रभक्त दानवीर भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का उद्घाटन करने पहुंचे बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद का मंगलवार की संध्या तैलिक साहू समाज एवं समग्र वैश्य समाज की ओर से दो अलग-अलग स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया।

गांधी पथ स्थित साहू समाज भवन में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज गुप्ता की अध्यक्षता एवं महिषी विधानसभा के पूर्व एनडीए प्रत्याशी चंदन बागची के संचालन में आयोजित समारोह में मंत्री ने कहा कि अपनों के बीच सम्मान पाकर अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। समाज के लोगों के संघर्ष और सहयोग का उनकी राजनीतिक यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने समाज के साथ हमेशा खड़े रहने का भरोसा दिया।

वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा की उपस्थिति में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह के गांधी पथ स्थित आवास पर भी मंत्री का स्वागत किया गया। वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष रामकृष्ण साह उर्फ मोहन साह के नेतृत्व में अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर उन्हें सम्मानित किया गया। मोहन साह ने कहा कि दानवीर भामाशाह के नाम पर पार्क का नामकरण समाज की वर्षों पुरानी भावनाओं को मिला सम्मान है।

इस अवसर पर महिषी के पूर्व विधायक गूंजेश्वर साह, नाई समाज के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र ठाकुर, उदय चंद्र साहू, आर्यन साहू, सुबोध साह, राजीव रंजन साह सहित तैलिक साहू एवं वैश्य समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। महिषी के पूर्व विधायक गूंजेश्वर साह एवं नीरज गुप्ता ने पार्क का नामकरण दानवीर भामाशाह के नाम पर करने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं मंत्री के प्रति समाज की ओर से आभार जताया

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी