कोशी क्षेत्र के तीनों जिलों के एसपी के साथ की डीआईजी ने की समीक्षा बैठक

 


सहरसा, 25 नवंबर (हि.स.)।

पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी), कोशी क्षेत्र, सहरसा डॉ. आशीष कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में कोशी क्षेत्र के तीनों जिलों सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा के पुलिस अधीक्षकों के साथ लंबित कांडों की जिलावार समीक्षा की।

बैठक में सहरसा एसपी विक्रम सिहाग सहित सुपौल एवं मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान डीआईजी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए थाना एवं अनुसंधानकर्ता स्तर पर मासिक लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया। इसमें नए मामलों के साथ पुराने लंबित कांडों को भी शामिल करने को कहा गया। जिन मामलों में जख्म प्रतिवेदन एवं अंतिम चिकित्सीय मंतव्य प्राप्त नहीं हुए हैं, उनकी अस्पतालवार सूची तैयार कर जिला पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन को पत्र भेजने का निर्देश दिया गया।

वहीं, विधि-विज्ञान प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट लंबित रहने वाले मामलों में संबंधित निदेशक को पत्र एवं पूर्व में भेजे गए पत्रों के संबंध में स्मार-पत्र भेजने को कहा गया।

डीआईजी ने बताया कि 23 नवंबर से ही कोशी क्षेत्र के जिलों में अंचल पुलिस निरीक्षकों एवं पर्यवेक्षी पदाधिकारियों के साथ प्रतिदिन लंबित कांडों के निष्पादन की जिलावार समीक्षा की जा रही है। इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय से भी निर्देश प्राप्त हैं।

बैठक में तीनों जिलों के एसपी को नशा मुक्ति अभियान प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। सभी थानाध्यक्षों को अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण और तस्करी से संबंधित शिकायतों की थानावार समीक्षा करने को कहा गया।

साथ ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

डीआईजी ने युवाओं एवं अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभाव, उपचार एवं परामर्श की सुविधाओं तथा अवैध नशे के कारोबार की सूचना देने के माध्यमों की जानकारी देने पर जोर दिया।

नशा छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नजदीकी उपचार एवं परामर्श केंद्रों से जोड़ने तथा प्रत्येक थाने में इन केंद्रों के पते और संपर्क नंबर उपलब्ध रखने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी