बाढ़ के बाद रबी फसलों को कीट-रोग से बचाव जरूरी: डॉ. नदीम

 


सहरसा, 16 नवंबर (हि.स.)।

बाढ़ का पानी उतरने के बाद कोसी नदी क्षेत्र में सरसों, मसूर, चना, मटर और गेहूं की बुवाई शुरू हो गई है। खेतों में अधिक नमी रहने से कीट एवं रोगों का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में किसानों को बुवाई से पहले ही फसलों की सुरक्षा के उपाय अपनाने चाहिए। इसके बाबत कृषि विज्ञान केंद्र अगवानपुर के विषय वस्तु विशेषज्ञ (पादप रोग), डॉ. मो. नदीम अख्तर किसानों को कई उपचारात्मक सुझाव दिया है।

*बीज उपचार जरूरी:* मसूर, चना और मटर में उकठा रोग से बचाव के लिए प्रति किलो बीज में 4 ग्राम ट्राइकोडर्मा विरिडी मिलाकर उपचारित करें। गेहूं में भी दीमक से बचाव के लिए बीज उपचार करें।

*सरसों और दलहनी फसलों की सुरक्षा:* सरसों में माहू कीट तथा सफेद रोली और भूरे धब्बे जैसे रोगों पर नजर रखें। मसूर, चना और मटर में फली छेदक एवं उकठा रोग से बचाव के लिए फेरोमोन ट्रैप और ट्राइकोडर्मा का प्रयोग करें। चने में झुलसा तथा मटर में पाउडरी मिल्ड्यू के लक्षण दिखने पर कृषि विशेषज्ञ की सलाह से उचित दवा का छिड़काव करें।

*गेहूं और बालू वाली जमीन पर ध्यान:* गेहूं में पीला एवं भूरा रतुआ रोग के लक्षण दिखने पर अनुशंसित फफूंदनाशक का प्रयोग करें। जहां खेतों में अधिक बालू जमा है, वहां गोबर खाद या वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करें, ताकि पौधों की बढ़वार बेहतर हो सके। किसान खेतों में जलजमाव न होने दें, रोगग्रस्त पौधों को हटाएं और तेज धूप में दवा का छिड़काव करने से बचें। कीटनाशक एवं फफूंदनाशक का प्रयोग कृषि विशेषज्ञों की सलाह और निर्धारित मात्रा के अनुसार ही करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी