मांगाें के समर्थन में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक छोटी कुमारी को सौंपा ज्ञापन
सारण, 19 सितंबर (हि.स.)। पुरानी बाईपास दहियावां टोल स्थित भोला भंडार से संत कामता सखी मठ मार्ग होते हुए साँढा आवास बोर्ड क्षेत्र तक आरसीसी पीसीसी सड़क और ढक्कनयुक्त पक्के नाले के निर्माण की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने छपरा विधायक छोटी कुमारी से मुलाकात की।
मुकेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में मिले इस प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में लंबे समय से जारी जलजमाव और जर्जर सड़क की गंभीर समस्या से विधायक को अवगत कराया तथा ज्ञापन सौंपा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक छोटी कुमारी ने संज्ञान लिया और अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार कराकर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। विधायक के इस त्वरित और सकारात्मक रुख के लिए प्रतिनिधिमंडल ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार