एनएच-120 का 19 करोड़ की लागत से शहर के 5 किलोमीटर मार्ग का होगा नवनिर्माण-सुद्वढीकरण
बक्सर, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले में नगर से होकर गुजरने वाले एनएच-120 की जर्जर हालत शहरवासियों और व्यापारियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। हालांकि विधायक राहुल सिंह की पहल पर अगले कुछ दिनों में डुमरांव शहर के 5 किलोमीटर एरिया में 19 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति के उपरांत रोड का नवनिर्माण सुद्वढीकरण उन्नयन एवं सड़क के दोनों तरफ नाली का निर्माण करने की योजना अलग से स्वीकृत हुई है। जो पिछले करीब दो वर्षों से मुख्य स्टेशन रोड, जलजमाव, कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है उससे निजात मिलने वाला है।
सड़क की बदहाली का सीधा असर स्थानीय बाजार और कारोबार पर पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि खराब सड़क और लगातार लगने वाले जाम के कारण ग्राहक बाजार आने से कतरा रहे हैं, जिससे बिक्री में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। लोगो के अनुसार बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क की स्थायी मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि स्टेशन रोड डुमरांव के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है। सड़क खराब होने से ग्रामीण इलाकों से आने वाले ग्राहक भी बाजार पहुंचने से बच रहे हैं, जिससे कपड़ा, किराना, कृषि उपकरण और अन्य दुकानों का कारोबार प्रभावित हुआ है। व्यापारियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत शुरू कराने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क का निर्माण और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो शहर का व्यापार पूरी तरह चौपट हो सकता है। लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था से ही शहर का बाजार दोबारा रफ्तार पकड़ सकेगा।
विधायक ने बताया कि 19 करोड़ की लागत से सड़क की बदहाली को ठीक करने का कार्य शुरू हो चुका है। इसकी स्वीकृति कैबिनेट से अलग से स्वीकृत कराई गई है जो बहुत जल्द बनकर तैयार हो जाएगा और लोगों को इससे निजात मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra