सदगुरु महर्षि मेंहीं परमहंस जी की 142वीं जयंती पर निकली भव्य प्रभातफेरी

 




सुपौल, 30 अप्रैल (हि.स.)। सदगुरु परम् पूज्य महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज की 142वीं पावन जयंती समारोह के अवसर पर गुरुवार को त्रिवेणीगंज बाजार में भव्य प्रभातफेरी निकाली गई।

प्रभातफेरी के दौरान सदगुरु के जयकारों से पूरा बाजार क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ नगर भ्रमण किया। इसके उपरांत स्थानीय महर्षि मोहल्ला स्थित महर्षि आश्रम में ध्यान, अभ्यास, बिनती एवं प्रार्थना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के बीच भण्डारा का आयोजन कर प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सत्संगी माता-बहनों सहित श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

इस अवसर पर पूज्यपाद स्वामी भुवानन्द जी ने अपने प्रवचन में कहा कि सदगुरु महर्षि मेंहीं परमहंस जी का जीवन त्याग, तपस्या और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने बताया कि गुरु महाराज ने आत्मिक उन्नति के लिए ध्यान, नाम-सुमिरन और सत्संग को सर्वोपरि बताया। उनके अनुसार, मनुष्य जीवन का वास्तविक उद्देश्य आत्मा की शुद्धि और परमात्मा की प्राप्ति है, जो केवल सच्चे गुरु के मार्गदर्शन में ही संभव है।

स्वामी जी ने आगे कहा कि आज के भौतिकवादी युग में सदगुरु के उपदेश और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे गुरु महाराज के बताए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सार्थक बनाएं तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिकता का प्रसार करें।

कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। इस पावन पर्व में अध्यक्ष भुवनेश्वरी प्रसाद यादव, गजेन्द्र प्रसाद यादव, राघवेंद्र पांडेय, ब्रजेन्द्र यादव, अरविंद कुमार, शिव प्रसाद साह, कमलेश्वरी साह, विपिन कुमार, विनीता देवी, उमेश कुमार, कार्तिक चौधरी, विष्णुदेव साह, जपन बाबू, अर्चना कुमारी, रेखा, निर्मला, सुशील, दुखनी देवी सहित बड़ी संख्या में सत्संगी माता-बहनों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र