सुपौल सदर के पाँच आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर जोर

 


सुपौल, 20 फ़रवरी (हि.स.)। जिला योजना समन्वयक सह जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला स्वास्थ्य समिति, सुपौल द्वारा सुपौल सदर प्रखंड अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर बसबिट्टी, लालचंदपट्टी, सीहे, बलहा एवं परसरमा का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई की व्यवस्था, मरीजों के पंजीकरण एवं उपचार प्रक्रिया की गहन समीक्षा की गई। संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने, मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

अधिकारी ने केंद्रों पर आवश्यक अभिलेखों के संधारण, टीकाकरण कार्य, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की भी जांच की। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के क्रम में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया गया तथा सभी कर्मियों को सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमित मॉनिटरिंग बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र