सदर विधायक ई.आईपी गुप्ता ने उद्योगपतियों एवं निवेशकों से बिहार में व्यापार स्थापित करने की अपील की

 


सहरसा, 10 सितंबर (हि.स.)।

राजधानी दिल्ली स्थित लोकनायक भवन में गुरुवार को आयोजित युनाइटेड इकॉनोमिक ब्रिक्स सबमिट 2026 में इंडियन इंक्लूसिव पार्टी आईआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सदर सहरसा विधायक इंजीनियर आईपी गुप्ता ने सहभागिता करते हुए बिहार के विकास और आर्थिक समृद्धि से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

सम्मेलन के दौरान ई आईपी गुप्ता ने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों, व्यापारियों, निवेशकों एवं उद्यमियों से बिहार आने और बिहार में अपने व्यापार एवं उद्योग को स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभाशाली युवा, पर्याप्त मानव संसाधन और विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यदि निवेश और उद्योग का विस्तार बिहार की ओर होता है तो इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बिहार को केवल श्रम और प्रतिभा देने वाला राज्य नहीं, बल्कि उद्योग, व्यापार और निवेश का मजबूत केंद्र बनाना समय की मांग है। बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन न करना पड़े, इसके लिए राज्य में ही रोजगार और उद्यमिता के अवसर पैदा करने होंगे।ई.आईपी गुप्ता जी ने कहा कि बिहार के विकास में निजी निवेश, उद्योग और व्यापार की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने निवेशकों से बिहार की संभावनाओं को समझने, यहां उद्योग स्थापित करने तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार