सदर बाजार में जाम का झाम, ठेले वालों के अतिक्रमण से राहगीर परेशान

 


सुपौल, 18 नवंबर (हि.स.)। शहर के सदर बाजार में जाम की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। खासकर शाम के समय बाजार में वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ ही सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

सड़क किनारे ठेले और अस्थायी दुकानें लगाए जाने से सड़क की चौड़ाई सिमटकर रह गई है। इसके कारण आम राहगीरों से लेकर बाजार में खरीदारी करने पहुंचने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।सदर बाजार की मुख्य सड़कों के किनारे जगह-जगह फल, सब्जी और अन्य सामानों के ठेले लगाए जाते हैं। इससे सड़क का काफी हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में आ जाता है। वहीं, शाम के समय खरीदारी करने वालों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही बढ़ने से जाम की समस्या और विकराल हो जाती है। ई-रिक्शा, सिटी रिक्शा, बाइक और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। लोगों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय बर्बाद करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाता है। इस दौरान सड़क किनारे लगे ठेले और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए भी जाते हैं, लेकिन कार्रवाई का असर कुछ दिनों तक ही रहता है। अभियान समाप्त होते ही फिर से सड़क किनारे ठेले और दुकानें सजने लगती हैं। नतीजतन, बाजार की स्थिति दोबारा पहले जैसी हो जाती है। लोगों का कहना है कि केवल अभियान चलाने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके लिए नियमित निगरानी और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जरूरी है।

इस संबंध में सदर अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साहू ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जल्द ही अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल यह है कि आखिर कब तक सदर बाजार के लोगों को जाम की इस समस्या से जूझना पड़ेगा? स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से अतिक्रमण पर स्थायी रोक लगाने, ठेला-खोमचा संचालकों के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने तथा बाजार में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों को उम्मीद है कि इस बार प्रशासन की कार्रवाई महज औपचारिकता बनकर नहीं रह जाएगी, बल्कि सदर बाजार को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र