सदर अस्पताल सुपौल में 45 वर्षीय महिला के 550 ग्राम ओवेरियन सिस्ट का सफल ऑपरेशन
सुपौल, 09 सितंबर (हि.स.)। सदर अस्पताल सुपौल में चिकित्सकों की टीम ने 45 वर्षीय महिला के 550 ग्राम वजन के ओवेरियन सिस्ट (अंडाशय की गांठ) का सफल ऑपरेशन किया। यह ऑपरेशन 8 सितंबर 2026 को डॉ. राजेश पासवान एवं ओटी टीम के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम के बेहतर समन्वय से किए गए इस ऑपरेशन को जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अस्पताल में जटिल सर्जिकल सेवाएं उपलब्ध होने से मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों में रेफर किए जाने की आवश्यकता कम करने में मदद मिल रही है। सदर अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अस्पताल में लगातार आवश्यक एवं जटिल सर्जिकल सेवाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में 550 ग्राम के ओवेरियन सिस्ट का सफल ऑपरेशन चिकित्सा टीम की दक्षता और टीमवर्क का उल्लेखनीय उदाहरण है।
यह ऑपरेशन सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा की अध्यक्षता तथा उपाधीक्षक डॉ. नूतन वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बालकृष्ण चौधरी और अस्पताल प्रबंधक अभिनव आनंद के सहयोग से संपन्न हुआ। ऑपरेशन के दौरान ओटी स्टाफ के साथ छात्र भी मौजूद रहे, जिससे उन्हें व्यावहारिक चिकित्सा एवं सर्जिकल प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिला। ऑपरेशन के बाद सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने चिकित्सक, ओटी स्टाफ और इसमें शामिल छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी टीम के कार्य की सराहना की।
उन्होंने टीम के बेहतर समन्वय और कार्य के लिए सभी का मनोबल बढ़ाया। सदर अस्पताल में इस प्रकार के जटिल ऑपरेशन का सफल होना जिले के मरीजों के लिए राहत की खबर है। स्थानीय स्तर पर सर्जिकल सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को अपने जिले में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और अनावश्यक रेफरल को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र