सदर अस्पताल का राज्यस्तरीय टीम ने किया औचक निरीक्षण, जल निकासी और जर्जर भवनों के जीर्णोद्धार का निर्देश

 


सुपौल, 10 नवंबर (हि.स.)। सदर अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर बनाने और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से मंगलवार को राज्यस्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। बीएमसीआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन और जिलाधिकारी सावन कुमार के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों के साथ-साथ पूरे परिसर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, भवनों की स्थिति और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए समुचित ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जर्जर भवनों के जीर्णोद्धार, टीबी विभाग के पुराने भवन को परित्यक्त घोषित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा अस्पताल परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य कराने को कहा गया।

टीम ने अस्पताल परिसर के चारों ओर की स्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल की आधारभूत संरचना को व्यवस्थित करने और मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान बीएमएसआईसीएल के एमडी सुब्रत कुमार सेन, जिलाधिकारी सावन कुमार, सीजीएम शैलेन्द्र भारती, डीजीएम धनंजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मौके पर डॉ. बिमल कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. नूतन वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बालकृष्ण चौधरी, डीएमएनई शशिभूषण प्रसाद, डॉ. रूबी कुमारी और अस्पताल प्रबंधक अभिनव आनंद भी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र