शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 94 लीटर से अधिक शराब के साथ तीन धंधेबाज गिरफ्तार
बेतिया, 30 मई (हि.स.)। बेतिया पुलिस जिला के लौरिया थाना पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 94 लीटर से अधिक शराब बरामद करते हुए तीन कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने शनिवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सिरकहिया पाइप लाइन के समीप छापेमारी की गई, जहां सिरकहिया वार्ड संख्या 10 निवासी हीरा सिंह के पुत्र दिनेश सिंह को 84 लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद बेलवा गांव निवासी गणेश चौधरी के पुत्र चुनचुन चौधरी को बाइक की डिक्की में रखी 7.92 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
वहीं नगर पंचायत कार्यालय गेट के सामने पुलिस ने लौरिया निवासी ननकी उर्फ राकेश कुमार को 2.91 लीटर विदेशी शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने जब्त शराब, बाइक और अन्य सामान को कब्जे में ले लिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। छापेमारी दल में दरोगा जयसल कुमार, सुधीर कुमार सुग्रीव, अमित कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक